महासमुंद में भक्ति और जनसेवा का महासंगम: 17 सितंबर को 6 लाख दीयों की अलौकिक रोशनी से जगमगाएगा पूरा जिला, अटल परिसर में रोशन होंगी 8 हजार ज्योति शिखाएं
रिपोर्टर मयंक गुप्ता/14 सितंबर 2026/दिन सोमवार
महासमुंद। जिला प्रशासन और आम जनता के साझा प्रयासों से महासमुंद जिला एक ऐतिहासिक और अभूतपूर्व पल का साक्षी बनने जा रहा है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आगामी 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन बेहद भव्य और व्यापक स्तर पर किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के बेमिसाल सार्वजनिक सेवा, सुशासन और जन-कल्याणकारी यात्रा को समर्पित इस उत्सव में पूरे जिले भर में एक साथ 6 लाख दीप प्रज्ज्वलित कर कृतज्ञता और संकल्प व्यक्त किया जाएगा।
इस जिला स्तरीय आयोजन का मुख्य केंद्र शहर का अटल परिसर रहेगा, जहाँ 8 हजार दीपों की एक साथ प्रज्ज्वलन से पूरा परिसर आलोकित उठेगा। इसके अलावा जिले के सभी पौराणिक एवं ऐतिहासिक मंदिरों, प्रमुख चौक-चौराहों, ग्राम पंचायत भवनों, शासकीय परिसरों, पीडीएस भवनों, अमृत सरोवरों और ग्रामीण हाट-बाजारों में सामूहिक दीपदान का आयोजन होगा। प्रशासन ने ‘हर घर एक दीया’ जलाकर हर नागरिक से इस सेवा उत्सव का हिस्सा बनने का भावुक आह्वान किया है।
कलेक्टर ने दीया जलाओ अभियान की तैयारियों की समीक्षा की
आयोजन को व्यवस्थित और भव्य रूप देने के लिए प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ सुश्री अनुपमा आनंद ने टास्कफोर्स तथा विभागवार नोडल अधिकारियों की एक अति-महत्वपूर्ण बैठक ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी प्रशासनिक विभाग आपसी तालमेल के साथ 16 सितंबर की शाम तक समस्त आवश्यक तैयारियां पूरी कर लें। उन्होंने अधिक से अधिक नागरिकों, स्व-सहायता समूहों और युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। बैठक में अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि साहू सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।
शाम 7 बजे एक साथ जलेगी संकल्प की अखंड ज्योति
कार्यक्रम की समय-सारणी के अनुसार, 17 सितंबर को शाम 5:00 से 6:00 बजे के बीच सभी चयनित स्थलों पर आकर्षक सजावट, बैठक तथा ध्वनि और प्रकाश (लाइट एवं साउंड) व्यवस्था पूरी की जाएगी। शाम 6:00 से 6:30 बजे तक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वयं सहायता समूह (SHG) की दीदियों और स्थानीय नागरिकों की मदद से भव्य रंगोली सजाई जाएगी और दीयों में तेल-बाती की व्यवस्था की जाएगी।
इसके पश्चात, ठीक शाम 7:00 बजे जिला मुख्यालय से लेकर दूरस्थ ग्रामीण अंचलों, शासकीय भवनों और मोहल्लों में एक साथ लाखों दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। यह रोशनी सेवा, समर्पण, पारदर्शी शासन और जनभागीदारी का एक सशक्त संदेश फैलाएगी।
ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों के लिए तय हुए विशाल लक्ष्य
अभियान के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में दीप प्रज्ज्वलन के लिए व्यापक
लक्ष्य तय किए गए है।
ग्रामीण अंचलों का लक्ष्य
(कुल 5.51 लाख से अधिक दीए)
पिथौरा ब्लॉक: 1 लाख 26 हजार दीप
बागबाहरा ब्लॉक: 1 लाख 11 हजार दीप
सरायपाली ब्लॉक: 1 लाख 07 हजार दीप
महासमुंद ब्लॉक: 1 लाख 05 हजार दीप
बसना ब्लॉक: 1 लाख 02 हजार दीप
नगरीय अंचलों का लक्ष्य
(कुल 20 हजार दीप):
बसना, पिथौरा, तुमगांव एवं सरायपाली के नगरीय निकाय क्षेत्रों में विशेष स्थल दीपों से सजाए जाएंगे।
प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार प्रारंभिक तौर पर 5 लाख 83 हजार दीपों का खाका तैयार किया गया था, जिसे जन-उत्साह और भागीदारी के बल पर 6 लाख के पार ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। प्रभारी कलेक्टर सुश्री अनुपमा आनंद ने समस्त जिलावासियों से अपील की है कि वे 17 सितंबर को अपने-अपने घरों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थलों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित कर इस महाअभियान को ऐतिहासिक बनाएं।
