महासमुंद में मानवता की मिसाल बाइक की टक्कर से तड़प रहे बेजुबान के लिए देवदूत बने विहिप-बजरंग दल के कार्यकर्ता, वन विभाग और डॉक्टरों ने मिलकर बचाई जान

0
3

महासमुंद में मानवता की मिसाल बाइक की टक्कर से तड़प रहे बेजुबान के लिए देवदूत बने विहिप-बजरंग दल के कार्यकर्ता, वन विभाग और डॉक्टरों ने मिलकर बचाई जान

प्रधान संपादक मयंक गुप्ता/ 09 अक्टूबर 2026 / दिन शुक्रवार
​महासमुंद। कलेक्टर कार्यालय के समीप एक भीषण हादसे में गंभीर रूप से घायल बेजुबान की जान बचाकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं, वन विभाग और पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने तत्परता और जीवदया का अनुपम उदाहरण पेश किया है।

​दर्दनाक हादसे के बाद आक्रामक हो गया था बंदरों का झुंड

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को जिला कलेक्टर कार्यालय के आसपास के मार्ग पर सड़क पार कर रहा एक बंदर तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की चपेट में आ गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बंदर सड़क पर लहूलुहान होकर तड़पने लगा। इस बीच, घायल साथी की चीख-पुकार सुनकर दर्जनों बंदरों का झुंड वहां इकट्ठा हो गया और आक्रामक रुख अपनाते हुए घायल बंदर को घेरकर बैठ गया। इसके कारण राहगीरों का वहां पहुंचना और रेस्क्यू करना बेहद खतरनाक हो चुका था।

​जेसीबी की मदद से हटी भीड़, बोरी में रेस्क्यू कर पहुंचाया फॉरेस्ट ऑफिस

घटना की भनक लगते ही विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के नगर संयोजक कान्हा प्रधान बिना देर किए मौके पर पहुंचे। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए उन्होंने तुरंत जिला गौ रक्षा प्रमुख सुमन सेंद्रे को सूचित किया। इसी दौरान उस मार्ग से गुजर रही नगर पालिका की जेसीबी मशीन को रुकवाया गया। जेसीबी की मदद से बंदरों के झुंड को सूझबूझ के साथ सुरक्षित दूर हटाया गया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने तत्परता दिखाते हुए घायल बंदर को बोरी में सुरक्षित रखकर सीधे वन विभाग कार्यालय पहुंचाया।

​चिकित्सकीय टीम का त्वरित एक्शन, शुरू हुआ इलाज

बंदर को फॉरेस्ट ऑफिस पहुंचाते ही सुमन सेंद्रे ने उपसंचालक पशु चिकित्सा केंद्र महासमुंद के वरिष्ठ पशु चिकित्सक डॉ. प्रमोद कोसरिया को फोन कर स्थिति से अवगत कराया। सूचना मिलते ही डॉ. कोसरिया तुरंत मेडिकल किट के साथ फॉरेस्ट ऑफिस पहुंचे और घायल बंदर का प्राथमिक उपचार व घावों की ड्रेसिंग की।

​इनकी रही सराहनीय उपस्थिति

रेस्क्यू और इलाज की इस पूरी प्रक्रिया में वन विभाग से कौशलेंद्र आदिल एवं अन्य कर्मचारी मुस्तैद रहे। वहीं विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल की ओर से जिला गौ रक्षा प्रमुख सुमन सेंद्रे, नगर संयोजक कान्हा प्रधान, अखिलेश साहू समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने युवाओं की इस त्वरित पहल और जीवदया की खुले दिल से प्रशंसा की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here