महासमुंद के विकास का रोडमैप तैयार: उप मुख्यमंत्री अरुण साव की कड़ी चेतावनी, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा से नहीं होगा कोई समझौता
महासमुंद। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने महासमुंद कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के विकास कार्यों और विभागीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कड़ा रुख अपनाया है। लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE), नगरीय प्रशासन और खेलकूद विभाग के कामकाज का जायजा लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिया कि स्वीकृत योजनाओं में गुणवत्ता और पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
जून 2027 तक हर घर में पहुंचेगा नल का जल
समीक्षा बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री साव ने ‘हर घर जल’ योजना की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि जून 2027 तक जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत के हर घर तक पीने का शुद्ध पानी पहुंचाना अनिवार्य है। उन्होंने निर्देश दिया कि जल जीवन मिशन के तहत योजनाएं पूरा होने के बाद ग्राम पंचायतों को हैंडओवर करते समय सरपंचों और सचिवों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाया जाए। बंद पड़े ट्यूबवेल को तत्काल चालू करने और पेयजल से जुड़ी शिकायतों का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए गए।
महासमुंद के विकास का रोडमैप तैयार
खराब सड़कों के लिए अनुविभागीय अधिकारी (SDO) सीधे जिम्मेदार
सड़क और पुल-पुलिया निर्माण की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि सड़कों की मरम्मत और रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सड़कों की खराब स्थिति के लिए संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (SDO) सीधे जवाबदेह होंगे। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को आधुनिक तकनीक और उपकरणों का उपयोग कर कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने को कहा।

नगरीय निकायों का 5 साल का मास्टर प्लान और खेलों को बढ़ावा
नगरीय प्रशासन विभाग की समीक्षा करते हुए उप मुख्यमंत्री ने आने वाले 5 वर्षों की दूरगामी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, 15वें वित्त आयोग के बजट और नालंदा परिसर जैसे प्रोजेक्ट्स को जल्द पूरा करने के साथ-साथ राजस्व वसूली बढ़ाने पर जोर दिया।
खेल सुविधाओं पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि जिले की प्रतिभाओं को निखारने के लिए प्राथमिक शाला स्तर से ही खिलाड़ियों को तैयार किया जाएगा। ‘हर गांव में मैदान हो और हर स्कूल से खिलाड़ी निकलें’ के विजन के साथ ग्रामीण इलाकों में खेल अधोसंरचना मजबूत करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिले की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की, जबकि विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और प्रशासनिक अमला मौजूद रहा।
